डायन बताकर वृद्धा से मारपीट, विरोध करने पर हाथ तोड़ने का आरोप
डायन बताकर वृद्धा से मारपीट, विरोध करने पर हाथ तोड़ने का आरोप
9:13 PM, Jul 26, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Babu lal sharma

म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर ग्राम पंचायत अंतर्गत जुरा गांव में अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के बीच एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही भतीजे पर डायन कहकर प्रताड़ित करने तथा विरोध करने पर घर में घुसकर लाठी-डंडे से हमला कर उसका हाथ तोड़ देने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की थी।जानकारी के अनुसार जुरा गांव निवासी इंद्रमनिया रविवार को अपने पुत्र के साथ म्योरपुर थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर बताया कि उसके देवर का बेटा वसंत लंबे समय से उसे डायन कहकर अपमानित और प्रताड़ित करता रहा है। पीड़िता का आरोप है कि दो दिन पहले जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी घर में घुस आया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में उसका एक हाथ गंभीर रूप से घायल होकर टूट गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि अंधविश्वास के नाम पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।इस संबंध में उपनिरीक्षक श्रीराम यादव ने बताया कि मामले की सूचना थाने पर आई थी। दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई, जिसके बाद दोनों पक्ष घायल महिला का इलाज कराने की आपसी सहमति पर समझौता कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि मामले का निस्तारण आपसी सहमति के आधार पर किया गया है।
यह भी पढ़ें






