सोनभद्र पुलिस लाइन में एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल का आयोजन, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
sonebhadra
6:55 AM, Nov 23, 2026
Share:
Edited By: U. Gupta , Reported By: संजय सिंह

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी और एसपी की मौजूदगी में पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस व मेडिकल टीम ने किया संयुक्त अभ्यास.
चुर्क सोनभद्र। संभावित हवाई हमले एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, चिकित्सा, सिविल डिफेंस और राहत-बचाव दल सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने सहभागिता की। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजाकर संभावित हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी दी गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने का अभ्यास किया। पुलिस आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपाय बताए गए। काल्पनिक हमले के बाद घटनास्थल पर क्षति और लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस सुरक्षा, राहत-बचाव, अग्निशमन और चिकित्सा टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षित मार्ग तैयार किया, जबकि राहत एवं बचाव दल ने फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास किया।
यह भी पढ़ें
अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। साथ ही गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने, गैस की आपूर्ति बंद करने और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। मेडिकल टीम ने आग से झुलसने, धुएं से दम घुटने और अन्य चोटों की स्थिति में प्राथमिक उपचार, घायलों का वर्गीकरण (ट्रायेज) तथा एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया। इस दौरान विभिन्न विभागों की टीमों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और राहत कार्यों की प्रभावशीलता का भी परीक्षण किया गया। अभ्यास में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक सहित राजस्व विभाग, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, आपदा मित्र, सिविल डिफेंस, पुलिस और फायर सर्विस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जिला प्रशासन और सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की कि आपातकालीन परिस्थितियों में धैर्य और सतर्कता बनाए रखें, सुरक्षित स्थानों पर शरण लें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें।






