मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन अलर्ट, ताजिया की ऊंचाई 10 फीट तक रखने के निर्देश
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन अलर्ट, ताजिया की ऊंचाई 10 फीट तक रखने के निर्देश
8:10 PM, Jun 18, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी, सोनभद्र। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली दुद्धी परिसर में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी (एसडीएम) दुद्धी निखिल यादव ने की, जबकि पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) दुद्धी राजेश कुमार राय भी मौजूद रहे।बैठक में अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस एवं ताजिया विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। एसडीएम ने कहा कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुसार 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही ताजिया मार्गों पर लटक रहे विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया।नगर पंचायत को कस्बे में साफ-सफाई, जल निकासी एवं प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए एम्बुलेंस मार्ग सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार यातायात को वन-वे करने पर भी चर्चा हुई।अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक के दौरान अखाड़ा सदर मुजीब खान, सैफुल्लाह सहित अन्य प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा, जिनका संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।एसडीएम एवं सीओ ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील करते हुए पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, कस्बा प्रभारी अमित कुमार, श्री रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, जय बजरंग अखाड़ा समिति अध्यक्ष पंकज जायसवाल, सुरेन्द्र कुमार अग्रहरि, कलीमुल्लाह खान, संजीव तिवारी, सुनील जायसवाल सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






