सोनभद्र में भारी बारिश को लेकर अलर्ट, नदी-नालों और जलप्रपातों से दूर रहने की अपील
18 से 20 अगस्त तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइ जारी
7:56 PM, Aug 18, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

18 से 20 अगस्त तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना, जिला प्रशासन ने जारी की 6 एडवाइजरी
सोनभद्र। भारत मौसम विज्ञान विभाग, क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से जारी प्रभाव-आधारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों में 18, 19 और 20 अगस्त को भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन को सतर्क रहने और अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी है।प्रशासन के अनुसार लगातार या तेज बारिश के चलते निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों के साथ ही नदी-नालों, मौसमी जलधाराओं, जलप्रपातों, बांधों और जलाशयों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
इसके अलावा निचले पुलों एवं सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। कच्चे और जर्जर भवनों को नुकसान, पेड़ों के गिरने तथा बिजली समेत अन्य आवश्यक सेवाओं में व्यवधान की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन तथा मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करें।
विज्ञापन
नदी-नालों और जलप्रपातों से रहें दूरजिला प्रशासन ने विशेष रूप से नदी, नाले, जलप्रपात, तालाब और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। बारिश के दौरान जलधाराओं में अचानक तेज बहाव आने की संभावना रहती है। जलमग्न सड़क या तेज बहाव वाले पुल को पार करने का प्रयास न करने की भी अपील की गई है।लोगों से कच्चे, पुराने एवं असुरक्षित भवनों तथा अस्थायी संरचनाओं से दूर रहने और बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने को कहा गया है। वाहन चालकों को भी जलभराव वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें
किसानों के लिए भी एडवाइजरी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों से खेतों में अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखने को कहा गया है। तेज बारिश के दौरान अनावश्यक कृषि कार्य करने तथा उर्वरक और कीटनाशकों के प्रयोग से बचने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश के कारण इनका बहाव होने से नुकसान न हो।
विज्ञापन
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा मौसम संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।प्रशासन का संदेश है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जोखिम वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें।





