वज्रपात से किशोर की मौत के बाद भड़का आक्रोश, पीएचसी में तोड़फोड़, पुलिस बल तैनात
रामगढ़ (सोनभद्र)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के किचार गांव में वज्रपात की चपेट में आकर घायल हुए दो किशोरों में से एक की जिला अस्पताल में मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने तियरा के पास शव रखकर प्रदर्शन किया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में पहुंचकर तोड़फोड़ की।
7:24 PM, Sep 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
रामगढ़ (सोनभद्र)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के किचार गांव में वज्रपात की चपेट में आकर घायल हुए दो किशोरों में से एक की जिला अस्पताल में मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने तियरा के पास शव रखकर प्रदर्शन किया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में पहुंचकर तोड़फोड़ की। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे किचार गांव निवासी 16 वर्षीय जितेंद्र और 17 वर्षीय मयंक वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा लाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक के समय से उपलब्ध नहीं होने और तत्काल उपचार न मिलने के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई। एंबुलेंस भी देर से पहुंची, जिसके बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 16 वर्षीय जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि 17 वर्षीय मयंक का उपचार जारी है। जितेंद्र की मौत की खबर के बाद शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण तियरा के पास एकत्र हो गए और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
किचार सहित आसपास के गांवों से महिलाएं, पुरुष, किशोर और किशोरियां भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इलाज में कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान कुछ ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पहुंच गए और वहां रजिस्टर, दवाइयां आदि फेंक दिए। अस्पताल में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है।सूचना मिलने पर पन्नूगंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
स्थिति को देखते हुए राबर्ट्सगंज से महिला थानाध्यक्ष सविता सरोज भी महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं।शाम करीब साढ़े छह बजे तक ग्रामीण राबर्ट्सगंज-खलियारी मुख्य मार्ग से किचार गांव की ओर जाने वाली सड़क पर डटे रहे। ग्रामीणों का कहना था कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पर तैनात जिम्मेदार स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने तथा स्थिति को शांत कराने में जुटे रहे।






