चोपन पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी की 3 भैंस, 3 पड़िया और 1 पड़वा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
जंगल में छिपाकर रखे गए थे चोरी के पशु, बेचने की फिराक में थे आरोपी; पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किया सफल खुलासा
chopan
3:02 PM, Jul 9, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Anil Agrahari

Photo : Sonprabhat News
सोनभद्र। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस को पशु चोरी के एक मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 3 भैंस, 3 पड़िया और 1 पड़वा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुई।
पशु चोरी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, पीड़ित द्वारा थाना चोपन में भैंस चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
विज्ञापन

मुखबिर की सूचना पर जंगल में दबिश
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किए गए पशुओं को घोरावल थाना क्षेत्र के ग्राम पटेहरा स्थित जंगल में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके साथ मौजूद एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी की गई तीन भैंस, तीन पड़िया और एक पड़वा बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पशुओं की चोरी कर उन्हें जंगल में छिपा दिया था और उचित अवसर मिलने पर उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
- अमर राज उर्फ अमृत (22 वर्ष) निवासी ग्राम ओदार, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र।
- बबुन्दर विश्वकर्मा उर्फ बुल्लू (27 वर्ष) निवासी ग्राम ओदार, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र।
- एक 15 वर्षीय बाल अपचारी, जिसे नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
विज्ञापन
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक रामज्ञान सिंह यादव, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल मन्टु सिंह तथा कांस्टेबल सत्यम त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बरामद पशुओं को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।






