डाला में बड़ी चोरी: घर का ताला तोड़ 20 लाख के जेवरात व चांदी के बर्तन ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी
डाला में बड़ी चोरी: घर का ताला तोड़ 20 लाख के जेवरात व चांदी के बर्तन ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी
9:52 AM, Jun 26, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

डाला, सोनभद्र। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के बाड़ी गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, बाड़ी निवासी मनोज चौबे, पुत्र जगदीश चौबे, के घर के पीछे स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घर में दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी में रखे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और चांदी के बर्तन चोरी कर फरार हो गए।परिजनों के अनुसार, चोरी हुए सामान में एक हार का सेट, चार कंगन, सोने की चेन, मांगटीका, करधनी, पैजनिया, बिछिया, पायल तथा चांदी की थाली, पानदान, सुपारीदान, नारियल सहित अन्य कीमती सामान शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा देखा तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल डाला पुलिस चौकी को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें






