चोपन में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र परीक्षा संपन्न, 188 बच्चों ने लिया हिस्सा
चोपन (सोनभद्र), 7 सितंबर। शैक्षणिक दक्षता और छात्रों के अधिगम स्तर के आधार पर मेधावी विद्यार्थियों के चयन के लिए सोमवार को चोपन विकासखंड में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026-27 का आयोजन किया गया।
7:53 PM, Sep 7, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

चोपन (सोनभद्र), 7 सितंबर। शैक्षणिक दक्षता और छात्रों के अधिगम स्तर के आधार पर मेधावी विद्यार्थियों के चयन के लिए सोमवार को चोपन विकासखंड में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026-27 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चयनित विद्यार्थी अब आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चोपन ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खण्ड शिक्षा अधिकारी चोपन लोकेश कुमार मिश्र की देखरेख में परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। विकासखंड के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों से कक्षा 3, 5, 6 और 8 के लिए संकुल शिक्षक स्तर से चयनित 241 विद्यार्थियों में 188 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
शिक्षकों द्वारा कॉपियों के मूल्यांकन के बाद ब्लॉक स्तर की मेरिट सूची जारी की गई। प्राथमिक स्तर पर कक्षा 3 में सुषमा (प्राथमिक विद्यालय पडरीपान), शिवा (प्राथमिक विद्यालय कुशवाहा टोला) और सूर्या (प्राथमिक विद्यालय पडरीपान) ने स्थान हासिल किया। कक्षा 5 में क्षमा (प्राथमिक विद्यालय पडरीपान), दीपिका (प्राथमिक विद्यालय कुशवाहा टोला), सीमा (कंपोजिट विद्यालय खेवन्हा) और तीर्थराज (प्राथमिक विद्यालय पटवध) चयनित हुए।
इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर की कक्षा 6 में काजल (उच्च प्राथमिक विद्यालय सिंदुरिया), कृष्णा (उच्च प्राथमिक विद्यालय खैरटिया) और अनुप्रिया (कंपोजिट विद्यालय खेवन्हा) ने स्थान बनाया। कक्षा 8 में कृष्ण (उच्च प्राथमिक विद्यालय खैरटिया), सलोनी (उच्च प्राथमिक विद्यालय परासपानी), प्रिंस (कंपोजिट विद्यालय परसोई) और सूरज कुमार (उच्च प्राथमिक विद्यालय बभनमरी) चयनित हुए।
समापन अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने परीक्षा को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने सफल एवं चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें






