जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, तीर-कमान, बलुआ और पत्थरों से हमला; दो गिरफ्तार, वीडियो वायरल
सोनभद्र: जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, तीर-कमान, बलुआ और पत्थरों से हमला; दो गिरफ्तार, वीडियो वायरल
9:06 AM, Jul 4, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुरछा में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में एक पक्ष ने तीर-कमान, बलुआ और पत्थरों से जानलेवा हमला करने तथा घर में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।घायल सर्वेश कुमार पुत्र दशरथ केवर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि विवाद की शुरुआत उनके खेत से सटे हिस्से में पड़ोसी पक्ष द्वारा घास-फूस और कूड़ा फेंकने को लेकर हुई। उनका कहना है कि खेत के पास स्थित बावली से आने वाले पानी का उपयोग वह मछली पालन के लिए करते हैं और कूड़ा डालने से पानी का रास्ता बाधित हो रहा था। इसी बात का उनकी माता मनगीरा देवी ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।आरोप है कि कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के 10 से 15 लोग मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। सर्वेश कुमार का कहना है कि हमलावरों में कुछ लोग तीर-कमान और बलुआ से लैस थे, जिन्होंने उन पर जानलेवा हमला किया। हमले में उनके सिर और दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई।पीड़ित के अनुसार, जान बचाने के लिए वह घर में घुस गए, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और सीमेंट की शेड सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।सर्वेश कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उनके घर पर दोबारा पथराव किया गया, जिससे छत की शीट क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने 3 जुलाई को जुगैल थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का पक्षपुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, दूसरे पक्ष का बयान अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






