मवेशी को बचाने के प्रयास में बोलेरो पलटी, चालक समेत दो की मौत; दो गंभीर घायल
मवेशी को बचाने के प्रयास में बोलेरो पलटी, चालक समेत दो की मौत; दो गंभीर घायल
5:30 PM, Jul 30, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोहरा गांव के पास बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बोलेरो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर अजय शुक्ला की बहन को छोड़कर रॉबर्ट्सगंज लौट रहे थे। देर रात लोहरा गांव के समीप पहुंचते ही सड़क पर अचानक एक मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।हादसे में निकेश (25) पुत्र बाबूलाल, निवासी जयमोहनी, थाना पत्रूगंज तथा मुराहू (72) पुत्र अलियार, निवासी अमिलिया, थाना पत्रूगंज की मौत हो गई। बताया गया कि निकेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।घायलों में अजय शुक्ला (22) पुत्र संतोष शुक्ला, निवासी अमिलिया तथा अनिल देव पांडेय (28) पुत्र दयाशंकर पांडेय, निवासी नरोत्तमपुर, थाना पन्नगंज शामिल हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। हालांकि, पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






