बारिश के तेज बहाव में ढही पुलिया, मारकुंडी-चिरुई मार्ग पर आवागमन प्रभावित
सोनभद्र। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मारकुंडी से तेलाई-चकरिया, मकरीबारी होते हुए चिरुई जाने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति खराब हो गई है। पहाड़ी नाले में आए तेज उफान के कारण मार्ग पर बनी महत्वपूर्ण पुलिया सेफ्टी वॉल समेत भरभराकर धराशायी हो गई
8:30 PM, Sep 4, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मारकुंडी से तेलाई-चकरिया, मकरीबारी होते हुए चिरुई जाने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति खराब हो गई है। पहाड़ी नाले में आए तेज उफान के कारण मार्ग पर बनी महत्वपूर्ण पुलिया सेफ्टी वॉल समेत भरभराकर धराशायी हो गई। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।पुलिया टूटने के बाद राहगीरों और वाहन चालकों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। बारिश के दौरान नाले में तेज बहाव के बीच क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बरसात के मौसम में पहाड़ी नाले में पानी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिया और उसकी सुरक्षा दीवार की मजबूती पर पहले से ध्यान दिया जाना चाहिए था। विभागीय स्तर पर समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए जाने के कारण अब क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्रीय आदिवासी वनबंधुओं एवं ग्रामीणों रघुनाथ, रामनारायण, रमाशंकर, राजेंद्र सिंह गौड़, शिवरतन, गुलाब और तुलसी समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुलिया की शीघ्र मरम्मत कराने के साथ ही आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते पुलिया की मरम्मत और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पुलिया की मौजूदा स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
यह भी पढ़ें






