अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नोडल अधिकारी को हटाने की उठी मांग
अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नोडल अधिकारी को हटाने की उठी मांग
8:37 PM, Jul 13, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र:
जिला मुख्यालय। जिले में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों में लगातार हो रही मौतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और अवैध अस्पतालों को तत्काल बंद कराने तथा नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव को पद से हटाने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान शत्रुंजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले में बिना मानकों के कई निजी अस्पताल खुलेआम संचालित हो रहे हैं, जहां अप्रशिक्षित चिकित्सकों और स्टाफ द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे लगातार मरीजों की मौतें हो रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग केवल जांच के नाम पर औपचारिकता निभा रहा है।उन्होंने हाल ही में नगर स्थित सिंह हेल्थ केयर में प्रसव के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही से प्रसूता और नवजात की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध अस्पतालों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करेगी।महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने कहा कि प्रसव के दौरान हो रही मौतों की लगातार घटनाओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दलाल जिला अस्पताल से मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में भर्ती कराते हैं, जहां उनका आर्थिक शोषण किया जाता है और कई मामलों में मरीजों की जान तक चली जाती है।सदर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश देव पांडे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों के पंजीकरण के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं और कई निजी अस्पताल विभागीय संरक्षण में फल-फूल रहे हैं।प्रदर्शन में बसवान गुप्ता, महिला कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शांति विश्वकर्मा, शीला देवी, उर्मिला देवी, रामफल, रीता देवी, रामचंद्र, अमृता देवी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें






