एलसी कॉलोनी में बंद कमरे से मिला सीमेंट कंपनी कर्मचारी का शव, कई दिनों बाद खुला मौत का राज
एलसी कॉलोनी में बंद कमरे से मिला सीमेंट कंपनी कर्मचारी का शव, कई दिनों बाद खुला मौत का राज
12:53 PM, May 31, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

एलसी कॉलोनी में बंद कमरे से मिला सीमेंट कंपनी कर्मचारी का शव, कई दिनों बाद खुला मौत का राज
डाला (सोनभद्र)। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के सेक्टर-सी स्थित एलसी कॉलोनी में रविवार को एक सीमेंट कंपनी कर्मचारी का शव उसके बंद कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कमरे से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एलसी कॉलोनी स्थित आवास संख्या 3/4 से रविवार सुबह करीब पौने दस बजे तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। सबसे पहले बकरी चराने वाले एक चरवाहे ने इसकी जानकारी लोगों को दी। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बंद कमरे का दरवाजा खुलवाने पर अंदर बिस्तर पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी।
मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झारखंड का निवासी बताया जा रहा है, जबकि उसका परिवार वर्तमान में मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहता है। मिथिलेश स्थानीय सीमेंट फैक्ट्री की जुलगुल माइंस में पीसी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और एलसी कॉलोनी के उक्त आवास में अकेले रहता था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कंपनी प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना था कि यदि कर्मचारी कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहा था तो उसकी खोजबीन क्यों नहीं की गई। इसको लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






