कैंडल मार्च निकालकर धीरेंद्र विक्रम के लिए न्याय की मांग, करोल बाग अग्निकांड के एक साल बाद भी कार्रवाई का इंतजार
कैंडल मार्च निकालकर धीरेंद्र विक्रम के लिए न्याय की मांग, करोल बाग अग्निकांड के एक साल बाद भी कार्रवाई का इंतजार
2:33 PM, Jul 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

नई दिल्ली/सोनभद्र। करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले यूपीएससी अभ्यर्थी कुंवर धीरेंद्र विक्रम की पहली पुण्यतिथि पर उनके स्वजन, मित्रों और शुभचिंतकों ने रविवार को कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की। मार्च विशाल मेगा मार्ट के सामने से निकाला गया, जहां पिछले वर्ष 4 जुलाई को आग लगने से धीरेंद्र सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि घटना को एक वर्ष बीत जाने के बावजूद दोषियों के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना था कि यदि समय पर कठोर कार्रवाई होती तो लापरवाही करने वालों में भय पैदा होता और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकता था।उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी कुंवर धीरेंद्र विक्रम दिल्ली के राजेंद्र नगर में रहकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। घटना वाले दिन वह खरीदारी के लिए करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट गए थे। इसी दौरान स्टोर में भीषण आग लग गई, जिससे वह अंदर फंस गए। आग पर काबू पाने के बाद अग्निशमन एवं बचाव दल को उनका शव लिफ्ट के भीतर मिला था।धीरेंद्र के भाई वीरेंद्र विक्रम ने कहा कि परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने मांग की कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।कैंडल मार्च के दौरान मौजूद लोगों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सरकार और संबंधित एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच पूरी कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
यह भी पढ़ें






