डिप्टी सीएम से मिले दुद्धी चेयरमैन, सीएचसी में चिकित्सकों व स्टाफ की नियुक्ति की मांग
सोनभद्र। तहसील मुख्यालय के एकमात्र एवं महत्वपूर्ण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की बदहाल स्थिति में सुधार और नगर विकास की विभिन्न मांगों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा
7:58 PM, Sep 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी, सोनभद्र। तहसील मुख्यालय के एकमात्र एवं महत्वपूर्ण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की बदहाल स्थिति में सुधार और नगर विकास की विभिन्न मांगों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।इस दौरान क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पहुंचे पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने भी चेयरमैन द्वारा सीएचसी की व्यवस्था में सुधार की मांग का समर्थन किया और उपमुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया।चेयरमैन ने ज्ञापन में बताया कि नगर एवं तहसील मुख्यालय स्थित सीएचसी दुद्धी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही वार्ड ब्वॉय, स्टाफ नर्स सहित कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं। इसके अलावा अस्पताल में पर्याप्त बेड, आवश्यक दवाओं और साफ-सफाई की भी समस्या बनी हुई है। इन परिस्थितियों के कारण गंभीर मरीजों, विशेषकर गरीब आदिवासी परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा से सटे होने के कारण सीएचसी दुद्धी में बड़ी संख्या में गरीब एवं आदिवासी मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। आरोप है कि छोटी-मोटी बीमारियों में भी मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीज बाहर इलाज कराने में सक्षम नहीं होने के कारण परेशानियों का सामना करते हैं।चेयरमैन ने उपमुख्यमंत्री से अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अन्य जरूरी स्टाफ की तैनाती करने तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करते हुए आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के इस सीएचसी को उच्चीकृत करने की मांग की। उन्होंने नगर में प्रकाश व्यवस्था, क्षतिग्रस्त मार्गों एवं नालियों के निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।चेयरमैन के अनुसार, चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की पर्याप्त तैनाती होने से सीएचसी अधीक्षक डॉ. वरुणानिधि को भी मरीजों के उपचार एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं के संचालन में राहत मिलेगी।इस मौके पर शिवम, शरद, देवेश मोहन आदि मौजूद रहे
यह भी पढ़ें






