चुर्क बाजार में मिट्टी से लदे डंपर-ट्रैक्टर बने मुसीबत, जाम, धूल और हादसों का बढ़ा खतरा
चुर्क बाजार में मिट्टी से लदे डंपर-ट्रैक्टर बने मुसीबत, जाम, धूल और हादसों का बढ़ा खतरा
8:18 PM, Jun 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

सोनभद्र। चुर्क चौकी क्षेत्र अंतर्गत चुर्क बाजार में मिट्टी से लदे डंपर और ट्रैक्टरों की अनियंत्रित आवाजाही से स्थानीय लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। भारी वाहनों के बेखौफ संचालन के कारण बाजार क्षेत्र में जाम, धूल और दुर्घटनाओं का खतरा गंभीर रूप ले चुका है। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।जानकारी के अनुसार मिट्टी से भरे डंपर और ट्रैक्टर दिनभर बाजार क्षेत्र से गुजरते हैं। कई वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। संकरी सड़कों पर भारी वाहनों के आवागमन के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा के सभासद हिमांशु खत्री ने बताया कि शाम के समय चुर्क बाजार में सब्जी मंडी और अन्य दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे समय में मिट्टी से लदे डंपर और ट्रैक्टरों का बाजार के भीतर से गुजरना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, बावजूद इसके भारी वाहन लगातार बाजार से होकर गुजर रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहनों से सड़क पर मिट्टी गिरने के कारण धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है और दृश्यता भी प्रभावित होती है। वहीं भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं तथा कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं।दुकानदार विजय चौरसिया सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार के व्यस्त समय, विशेषकर शाम के दौरान, मिट्टी से लदे ट्रैक्टरों और डंपरों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और संभावित दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन को नियंत्रित करने तथा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें






