सर्पदंश से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सर्पदंश से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
4:02 PM, Jul 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

बभनी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार रात जहरीले सांप के डंसने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
जानकारी के अनुसार चौना ग्राम पंचायत के कोरहट्टी टोला निवासी 49 वर्षीय लल्लू कोरवा पुत्र विद्या प्रसाद कोरवा शनिवार रात करीब नौ बजे धनखोर बाजार से अपने घर लौटे थे। घर के बाहर कुछ देर चबूतरे पर बैठने के बाद जैसे ही वह घर के अंदर जाने लगे, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया।
लल्लू ने स्वयं परिजनों को सर्पदंश की जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सोनमती का रो-रोकर बुरा हाल है। लल्लू अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। तीनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि उनका पुत्र चेन्नई में रहकर मजदूरी करता है। घटना की सूचना उसे भी दे दी गई है।
ग्राम प्रधान दीनदयाल जायसवाल ने मामले की सूचना बभनी पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






