मुड़ीलाडीह में ऑटो-पिकअप की भीषण टक्कर, तीन बच्चों समेत 12 घायल, चालक फरार
मुड़ीलाडीह में ऑटो-पिकअप की भीषण टक्कर, तीन बच्चों समेत 12 घायल, चालक फरार
8:40 PM, Jul 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल (सोनभद्र)। क्षेत्र के मुड़ीलाडीह में रविवार देर रात ऑटो और पिकअप की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन बच्चों, दो महिलाओं सहित कुल 12 लोग घायल हो गए। हादसे की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। सभी घायलों को ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोरावल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, औराही निवासी कृष्णकांत अपने परिवार के साथ ऑटो से अपनी ननद के घर ददरा से लौट रहे थे। मुड़ीलाडीह के पास सामने से आ रही पिकअप से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों में कृष्णकांत (35) पुत्र रामचंद्र के सिर में गंभीर चोट आई है। उनकी पत्नी अनिता (30) के चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। कृष्णकांत के भाई रमाकांत (40) के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनकी पत्नी सोनी (36) की कलाई में चोट आई है। कृष्णकांत के चार वर्षीय पुत्र ज्ञानवी के पैर में गंभीर चोट लगी है। रमाकांत के चार वर्षीय पुत्र उज्ज्वल के पैर में चोट तथा सात वर्षीय पुत्री साक्षी का हाथ फ्रैक्चर हो गया।दुर्घटना में मिर्जापुर जनपद के राजगढ़ थाना क्षेत्र के धुरकर गांव निवासी संजीत (25) पुत्र लक्ष्मण और अक्षय (37) पुत्र कांता भी गंभीर रूप से घायल हुए। इसके अलावा बालडीह निवासी अचक बिहारी (33) पुत्र मुरली सिंह, जो बाइक से ऑटो के आगे-पीछे चल रहे थे, भी हादसे की चपेट में आ गए। उनके पैर के अंगूठे में गंभीर चोट आई है। पिकअप पर सवार धुरकर गांव के दो मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए।अस्पताल में भर्ती घायल सोनी ने बताया कि पूरा परिवार एक रिश्तेदारी से वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर कुछ देर के लिए चक्का जाम करने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने पिकअप का सामान उतारकर फेंकने की भी कोशिश की, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया तथा अस्पताल में भर्ती घायलों से घटना की जानकारी ली। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें






