पुलिसकर्मी सहित पांच तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट,60 किलो गांजा और 5.20 लाख रुपये बरामदगी प्रकरण मे
सुल्तानपुर में पुलिसकर्मी सहित पांच तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट,60 किलो गांजा और 5.20 लाख रुपये बरामदगी प्रकरण मे
6:49 AM, Jul 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने छह माह पूर्व 60 किलोग्राम गांजा और 5.20 लाख रुपये की बरामदगी के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अंतरजनपदीय गिरोह बनाकर संगठित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि गिरोह का सरगना अमेठी जिले के रायपुर देवीपाटन रोड निवासी सूरज कुमार सोनी है। गिरोह में सुल्तानपुर निवासी भाष्कर दुबे और लकी यादव, अमेठी निवासी शुभम तिवारी तथा रायबरेली निवासी सुनील यादव भी शामिल हैं। सुनील यादव वर्तमान में सुल्तानपुर पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है।पुलिस के अनुसार 28 जनवरी को मम्मी ढाबा के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहनों को रोककर तलाशी ली गई थी। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 60 किलोग्राम अवैध गांजा और गांजा बिक्री से संबंधित 5.20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना पूरी होने के बाद आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।कोतवाल ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके गतिविधियों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वे संगठित गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त थे। जिलाधिकारी की स्वीकृति मिलने के बाद पांचों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें






