प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची के लिए 17 जून से ग्राम सभाएं, पारदर्शी चयन पर रहेगा जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची के लिए 17 जून से ग्राम सभाएं, पारदर्शी चयन पर रहेगा जोर
8:46 PM, Jun 15, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

30 जून तक सभी ग्राम पंचायतों में होंगे सत्यापन एवं प्राथमिकता निर्धारण के कार्यसोनभद्र, 15 जून। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची को अंतिम रूप देने के लिए जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 17 जून से 30 जून 2026 तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि ग्राम सभाओं के माध्यम से पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन, सूची में आवश्यक संशोधन तथा प्राथमिकता क्रम का निर्धारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे, इसके लिए चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और त्रुटिरहित होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम सभा की बैठक से पहले प्रत्येक मजरे एवं गांव में मुनादी कराई जाए तथा सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण बैठक में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम सभा का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन कराया जाएगा तथा कम से कम 10 छायाचित्रों के साथ प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) तैयार की जाएगी।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत सचिव प्राथमिकता सूची का निर्माण पूरी निष्पक्षता के साथ करें। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कार्मिक के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों एवं लेखपालों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए भूमि एवं आय संबंधी मामलों का मौके पर ही निस्तारण करने को कहा।उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं के उपरांत पात्रता सूची की वाल पेंटिंग ग्राम पंचायत सचिवालय एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कराई जाएगी। इसके बाद 1 जुलाई से 15 जुलाई तक आमजन से आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका परीक्षण जिला स्तरीय समिति द्वारा कर निस्तारण किया जाएगा।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ग्राम सभा की बैठकों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पात्रता सूची को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, सभी खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






