उच्च प्राथमिक विद्यालय सुपाचुआ में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, ग्रामीण परिवेश में प्रतिभाओं का अद्भुत प्रदर्शन
म्योरपुर / सोनभद्र : आशीष गुप्ता / सोन प्रभात
sonbhadra
10:11 PM, Feb 13, 2026
Share:
Edited by: Ashish Gupta

म्योरपुर / सोनभद्र : आशीष गुप्ता / सोन प्रभात
म्योरपुर विकास खंड अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय सुपाचुआ में दिनांक 13 फरवरी 2026 को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। ग्रामीण अंचल के इस शैक्षणिक संस्थान में आयोजित कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर गांव के बच्चे भी अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व एआरपी म्योरपुर डॉ. रजनीश कुमार श्रीवास्तव एवं ग्राम प्रधान सुपाचुआ राम नारायण गोंड उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में मां महा मैत्रायिणी इंटरमीडिएट कॉलेज म्योरपुर के उप प्रधानाचार्य राम कुंवर सिंह, पूर्व प्रधान रामलखन सिंह, दीपक सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के वत्स मंडल अध्यक्ष अखिलेश मिश्र एवं एसएमसी अध्यक्ष कबलस देवी शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य, जौहर नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुति देखकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विज्ञापन

ग्राम प्रधान राम नारायण गोंड ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी इन नन्हे विद्यार्थियों द्वारा इतनी उत्कृष्ट प्रस्तुति देना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये बच्चे भविष्य में अपने विद्यालय एवं गांव का नाम अवश्य रोशन करेंगे।

विज्ञापन
यह भी पढ़ें
मुख्य अतिथि डॉ. रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में बच्चों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अभिभावकों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी से बच्चों को विद्यालय से जुड़े रखने, नामांकन, उपस्थिति एवं ठहराव में वृद्धि करने तथा "माता उन्मुखीकरण" एवं "हमारे बच्चे हमारा आंगन" जैसे कार्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

विशिष्ट अतिथि राम कुंवर सिंह ने कहा कि यह विद्यालय ब्लॉक स्तर पर सदैव एक कीर्तिमान स्थापित करता रहा है तथा यहां के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में अद्भुत क्षमता निहित है। वहीं पूर्व प्रधान रामलखन सिंह ने विद्यालय को गांव का सर्वोत्तम शिक्षण संस्थान बताते हुए कहा कि यहां के शिक्षक बच्चों के बौद्धिक विकास हेतु निरंतर प्रयासरत रहते हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अबुलकैश ने कहा कि विद्यालय परिवार सदैव ग्रामीण अंचल के बच्चों के लिए उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध है, जिससे वे अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।
विज्ञापन

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक सौरभ सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे सत्र में विद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों एवं उनके सर्वांगीण विकास हेतु किए गए प्रयासों को विस्तारपूर्वक साझा किया, जिसकी सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की। इस अवसर पर अजय यादव, राजगोविंद सिंह, पंकज पांडेय, विजय यादव, विनोद गुप्ता, मोहम्मद आरिफ, अखिलेश, रंजना सहित विद्यालय परिवार एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।






