संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने उठाई पोस्टमार्टम की मांग
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, जांच की मांग,
5:26 AM, Apr 25, 2026
Share:
Edited by: Shaktipal
, Reported By: बाबूलाल शर्मा / प्रशांत दुबे

म्योरपुर, सोनभद्र। सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करहिया गांव में गुरुवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं मृतका के परिजनों ने मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रात में सोने के बाद हुई मौत प्राप्त जानकारी के अनुसार करहिया गांव निवासी अनीता देवी (29), पत्नी देवी दयाल गोंड, गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थीं। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक उनकी मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
2015 में हुआ था विवाह,परिवार में शोक का माहौल:अनीता देवी का विवाह वर्ष 2015 में हुआ था। उनकी असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पड़ोसियों और ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दुखद बताया।
मायके पक्ष ने जताई आशंका, पोस्टमार्टम की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सकेगा।
बीमारी का भी बताया जा रहा कारण:वहीं, ग्राम प्रधान राज नारायण के अनुसार अनीता देवी पिछले लगभग छह माह से टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, इस जानकारी के बावजूद परिजन मौत को लेकर आशंकित हैं और पूरी सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, रिपोर्ट का इंतजार:मामले की सूचना मिलते ही म्योरपुर थाना प्रभारी रविकांत मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पति की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें






