मिर्जापुर क्रशर प्लांट हादसा: ब्लास्टिंग के कंपन से ढहा डग, सोनभद्र जिले के चार मजदूरों की मौत
मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई में शनिवार दोपहर क्रशर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में सोनभद्र जिले के चार मजदूरों की मौत हो गई। पत्थर तोड़ने के लिए की गई ब्लास्टिंग के दौरान कंपन से प्लांट का कमजोर डग अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय चार मजदूर उसके पास मौजूद थे और मलबे में दब गए
8:49 PM, Sep 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई में शनिवार दोपहर क्रशर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। पत्थर तोड़ने के लिए की गई ब्लास्टिंग के दौरान कंपन से प्लांट का कमजोर डग अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय चार मजदूर उसके पास मौजूद थे और मलबे में दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्लांट कर्मियों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर चारों मजदूरों को बाहर निकाला। सभी को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बारिश से कमजोर हुई थी डग की नींव
विज्ञापन
एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा के अनुसार, भगवती देई में पिंटू सिंह का क्रशर प्लांट है। यहां पत्थर तोड़ने के लिए नियमित रूप से ब्लास्टिंग की जाती है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बारिश के कारण डग की नींव कमजोर हो गई थी। शनिवार दोपहर ब्लास्टिंग के दौरान हुए कंपन से कमजोर ढांचा अचानक ढह गया और चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
चारों मजदूर सोनभद्र के रहने वाले
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लालबहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में हुई है। चारों सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां गांव के रहने वाले बताए गए हैं। वे क्रशर प्लांट में मजदूरी करते थे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय मजदूर डग के अंदर बैठकर ताश खेल रहे थे। हालांकि, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
डीएम-डीआईजी समेत अधिकारी पहुंचे मौके पर
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। मामले में प्लांट संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






