संविदा कर्मी की मौत के मामले में नया मोड़, निजी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप; कार्रवाई की मांग
संविदा कर्मी की मौत के मामले में नया मोड़, निजी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप; कार्रवाई की मांग
8:58 AM, Jun 16, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल हुए शिक्षा विभाग के संविदा कर्मी रामविचार गोड़ की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता ने निजी अस्पताल के प्रबंधन और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोन क्षेत्र के निवासी रामविचार गोड़ सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद 14 जून की रात सरकारी अस्पताल दुद्धी में भर्ती कराए गए थे। मृतक के पिता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि एक निजी अस्पताल के कर्मचारी ने सरकारी अस्पताल के उपचार पर सवाल उठाते हुए बेहतर इलाज का भरोसा देकर घायल युवक को अपने अस्पताल ले गया।परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में उपचार के दौरान कथित लापरवाही के कारण कुछ ही घंटों के भीतर रामविचार गोड़ की मौत हो गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौत के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने परिजनों पर दबाव बनाकर शव को पुनः सरकारी अस्पताल परिसर में छोड़ दिया और मामले की शिकायत न करने की धमकी दी।मृतक के पिता ने अपनी शिकायत में निजी अस्पताल के प्रबंधक अभिषेक रंजन तथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, लापरवाही एवं अन्य संगीन आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त अस्पताल द्वारा पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं की गई हैं।वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, समाचार लिखे जाने तक निजी अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
यह भी पढ़ें






