मुहर्रम पर सोनभद्र पुलिस हाई अलर्ट, ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकाले जा रहे ताजिया जुलूस
मुहर्रम पर सोनभद्र पुलिस हाई अलर्ट, ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकाले जा रहे ताजिया जुलूस
8:37 PM, Jun 26, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। मुहर्रम पर्व के अवसर पर जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोनभद्र पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है तथा वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराए जा रहे हैं।सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल दुद्धी क्षेत्र, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।जनपद के सभी संवेदनशील स्थलों, ताजिया जुलूस मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जुलूस मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष तकनीकी टीम सक्रिय है। अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।सोनभद्र पुलिस ने सभी ताजियादारों, जुलूस आयोजकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर मुहर्रम पर्व को भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की व्यवस्था की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर दें।सोनभद्र पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनपदवासियों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें






