तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम की मौत, घर से बिना बताए नहाने गया था बच्चा
तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम की मौत, घर से बिना बताए नहाने गया था बच्चा
5:31 PM, May 24, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

दुद्धी (सोनभद्र)। अमवार चौकी क्षेत्र के बघाडू गांव स्थित बोलताकरम टोला में रविवार को तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बोलताकरम टोला निवासी सात वर्षीय नितेश पुत्र रंकलाल के रूप में हुई है। बताया गया कि नितेश के घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित तालाब पर बिना परिजनों को बताए अकेले नहाने चला गया था।काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान बच्चे के चाचा घर पहुंचे और नितेश के बारे में पूछताछ की। परिवार के लोगों को जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो तालाब की ओर जाने की आशंका हुई। चाचा जब तालाब पर पहुंचे तो पानी में एक शव उतराता दिखाई दिया।आनन-फानन में उन्होंने तालाब में कूदकर बच्चे को बाहर निकाला। बाहर निकालने पर उसकी पहचान नितेश के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना अमवार चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जयशंकर राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के मर्चरी हाउस भेज दिया।परिजनों के अनुसार, नितेश के पिता और दादा रोजी-रोटी कमाने के लिए बाहर रहते हैं। उनके बाहर रहने के दौरान बच्चे और परिवार की देखभाल उसके चाचा ही करते थे।चौकी प्रभारी जयशंकर राय ने बताया कि बच्चा घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित तालाब में नहाने गया था। गहरे पानी में चले जाने के कारण उसकी डूबने से मौत हो गई। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें






