रेलवे पटरी पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप, परिजनो ने की मुआवजे की मांग
रेलवे पटरी पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप, परिजनो ने की मुआवजे की मांग
8:25 PM, Aug 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र के बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव के बैरियर के पास बुधवार सुबह रेलवे पटरी पर 31 वर्षीय युवक का ट्रेन से कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सिरसोती निवासी गोविंद कुमार जायसवाल पुत्र दीपक कुमार जायसवाल के रूप में हुई।
गोविंद करीब एक सप्ताह पहले घर आया था। मंगलवार शाम वह किसी काम से घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे पटरी पर उसका शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर सड़क किनारे पहुंचाया। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ सड़क किनारे बैठ गए। पुलिस और सीआईएसएफ ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारी परिजनों को समझाने में जुटे रहे। परिजनों के अनुसार गोविंद मंगलवार को अपना मोबाइल किसी के हाथ घर भेज चुका था। वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
सूचना पर बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन ने कहा कि पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गोविंद अपने पीछे पत्नी सुग्रिता जायसवाल और दो पुत्रों को छोड़ गया है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें






