Sonbhadra News : सिपाही मौत मामले में बड़ी कार्रवाई : टैंकर चालक गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया
बभनी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल हुए पीआरवी सिपाही की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैंकर चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
babhani
4:43 PM, May 13, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Naresh Gupta

Photo : Sonprabhat News
सोनभद्र। जनपद के थाना बभनी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल हुए पीआरवी सिपाही की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैंकर चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना बभनी पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
ड्यूटी पर जा रहे थे पीआरवी सिपाही, पीछे से टैंकर ने मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार थाना बभनी में पीआरवी 7708 मोटरसाइकिल पर तैनात आरक्षी नीरज कुमार यादव 12 मई 2026 की शाम लगभग 4:40 बजे एक इवेंट पर जा रहे थे। इसी दौरान दरनखां तिराहा के पास बभनी से आसनडीह की ओर जा रहे टैंकर संख्या UP65KT2466 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन

हादसे में गंभीर रूप से घायल आरक्षी नीरज कुमार यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज लोढ़ी चुर्क रेफर किया गया। हालत अत्यंत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर बीएचयू में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 13 मई 2026 की सुबह लगभग 8:54 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
पहले दर्ज हुआ मुकदमा, अब आरोपी चालक गिरफ्तार
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
घटना के बाद थाना बभनी में मु0अ0सं0-98/2026 के तहत धारा 109, 324(4), 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक संदीप यादव पुत्र सेवाशंकर यादव निवासी ग्राम कुशेरा थाना भदोही जनपद भदोही को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
विज्ञापन
आरक्षी नीरज कुमार यादव की ड्यूटी के दौरान हुई मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। जनपद पुलिस ने कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले जवान के मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद, थाना बभनी , उपनिरीक्षक मक्खन लाल, रिक्रूट कांस्टेबल प्रिन्स वर्मा, रिक्रूट कांस्टेबल मानवेन्द्र प्रताप सिंह






