Sonbhadra News: रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर बढ़ी चिंता, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग तेज
Sonbhadra News: रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर बढ़ी चिंता, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग तेज
8:44 PM, May 28, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को लेकर लोगों में जहां खुशी का माहौल है, वहीं बिना वैकल्पिक व्यवस्था के कार्य शुरू किए जाने की आशंका से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ने लगी है। गुरुवार को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने मौके पर पहुंचकर रेलवे विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए तथा पैदल यात्रियों और बाइक सवारों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की।धर्मवीर तिवारी ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज से खलियारी होते हुए बिहार तक जाने वाला यह मुख्य मार्ग हजारों गांवों और करीब चार लाख की आबादी के लिए लाइफ लाइन के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मार्ग कितने दिनों तक बंद रहेगा और आमजन के आवागमन के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इससे स्थानीय व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।उन्होंने कहा कि जुलाई माह से स्कूल खुलने वाले हैं। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ेगी। इसके अलावा रात के समय मरीजों या आपात स्थिति में लोगों को अस्पताल पहुंचने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले एडवाइजरी जारी कर आम जनता को पूरी जानकारी दी जाए।पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी से वार्ता की है। जिलाधिकारी ने पैदल यात्रियों और बाइक सवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है।इस दौरान रमेश श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, सृजन श्रीवास्तव, राज कुमार सोनी, सचिव कुमार सोनी, भरत सोनी, दिनेश पांडेय, विष्णु सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, लवकुश सोनी, विकास केसरी, गणेश केशरी, विनोद केशरी, मुकुंद केशरी, शरद केशरी, रवि केशरी, बच्चा केसरी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें






