Sonbhadra News: घाघर नदी में डूबने से युवक की मौत, 20 घंटे बाद मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Sonbhadra News: घाघर नदी में डूबने से युवक की मौत, 20 घंटे बाद मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
8:32 PM, May 28, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के उरांव गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घाघर नदी में नहाने गए 35 वर्षीय युवक ओमप्रकाश उरांव की डूबने से मौत हो गई। लगभग 20 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गुरुवार सुबह उसका शव नदी से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित घाघर नदी में नहाने गया था। उसके साथ गांव के कुछ अन्य युवक भी नदी में मौजूद थे। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। कुछ ही क्षणों में वह तेज बहाव में डूबने लगा। साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई और बहाव अधिक होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते नदी किनारे पहुंच गए। सूचना पर रामपुर बरकोनिया पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। पूरी रात परिजन नदी किनारे उम्मीद लगाए बैठे रहे।गुरुवार सुबह एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब आठ बजे ओमप्रकाश का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। परिवार के इकलौते सहारे की मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें






