होमवीडियो LIVE
BREAKING
विज्ञापन

सीएचसी की मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करें, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीडीओ

सोनभद्र: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

7:46 PM, Sep 29, 2026

Share:

Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सीएचसी की मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करें, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीडीओ
हमसे जुड़ने के लिए फॉलो करें:
Instagram
सोन प्रभात लाइव न्यूज़ डेस्क



जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीएचसी अधीक्षकों को दिए निर्देश, एनआरसी में सैम-मैम बच्चों की भर्ती और एंबुलेंस की रैंडम जांच पर जोर
सोनभद्र, 29 सितंबर 2026। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक संसाधनों के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाना जरूरी है।
एनआरसी में सैम-मैम बच्चों की भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं आईसीडीएस विभाग को निर्देशित किया गया कि एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में सैम-मैम बच्चों को नियमित रूप से भर्ती कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अति कुपोषित एवं कमजोर बच्चों को समय से उपचार एवं आवश्यक पोषण उपलब्ध कराकर स्वस्थ किया जा सके।
सीडीओ ने 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं की भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित चिकित्सा अधीक्षक एंबुलेंस की रैंडम जांच कर उनकी स्थिति और संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करें।
लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश
बैठक के दौरान सीएचओ द्वारा प्रभावी ढंग से कार्य नहीं किए जाने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के अधीक्षक द्वारा उनके कार्यों की समुचित मॉनिटरिंग नहीं किए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने एमवाईसी दुद्धी के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई
सीडीओ ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के लिए नियुक्त कर्मियों द्वारा लापरवाही बरते जाने की स्थिति में संबंधित चयनित एजेंसी को तत्काल सूचित करते हुए लापरवाह कर्मी को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
आरबीएसके टीम को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश
जिला कार्यक्रम अधिकारी, आईसीडीएस को निर्देशित किया गया कि आरबीएसके टीम द्वारा नियमित रूप से आशा एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण कराया जाए। बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं की समय से पहचान कर आवश्यक उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबर

शहरी खबरें

और पढ़ें

Breaking से पहले Believing —
Son Prabhat News, since 2019

Follow Us:

Instagram

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreSonprabhat Live

© Copyright Sonprabhat 2026. All rights reserved.

Developed by SpriteEra IT Solutions