पुलिया निर्माण स्थल पर मुंशी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
पुलिया निर्माण स्थल पर मुंशी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
6:43 AM, Jul 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां-बरवाडीह मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के कार्यस्थल पर शुक्रवार दोपहर ठेकेदार के मुंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान चोपन थाना क्षेत्र के अदलगंज के कोटिया टोला निवासी 30 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना से निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से बड़गवां-बरवाडीह मार्ग पर पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। सुनील कुमार ठेकेदार के मुंशी के रूप में मौके पर रहकर निर्माण कार्य की निगरानी करता था। शुक्रवार दोपहर मजदूरों को भोजनावकाश देने के बाद वह कुछ देर तक कार्यस्थल पर मौजूद रहा। इसके बाद वह स्वयं भोजन करने के लिए पास में बने अपने डेरे में चला गया।काफी देर तक जब वह वापस कार्यस्थल पर नहीं लौटा तो मजदूर उसे बुलाने डेरे पर पहुंचे। वहां भोजन की थाली सामने रखी हुई थी और सुनील कुमार जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत का प्रतीत होता है। फिलहाल किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें






