जंगल में छिपाया था लूट का बैग, पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा
जंगल में छिपाया था लूट का बैग, पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा
5:50 PM, Aug 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

सोनभद्र: पुलिस मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी बदमाश घायल, लूटे गए आभूषण और हथियार बरामदसोनभद्र। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बभनी पुलिस, एसओजी, थाना म्योरपुर और थाना दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ में ₹25 हजार के इनामी बदमाश पंकज साह को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे और निशानदेही पर लूट का बैग, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में सोमवार तड़के करीब 2:22 बजे अरझट पुलिया के पास की गई।सर्राफा व्यापारी से हुई थी लूटपुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को रघुनाथनगर, छत्तीसगढ़ से आभूषण बेचकर लौट रहे सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार से शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग और करीब ₹40 हजार नकद लूट लिया था।
इस संबंध में थाना बभनी में मुकदमा दर्ज किया गया था।मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी, साथी फरारपुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम अरझट पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे और बारिश के कारण उनकी बाइक फिसलकर गिर गई।पुलिस का कहना है कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।पूछताछ में लूट की साजिश का खुलासापुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। घटना से पहले सर्राफा व्यापारी की रेकी की गई थी।
यह भी पढ़ें
लूट के बाद आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया गया था, जबकि लूटी गई नकदी चारों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी।अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने आभूषणों से भरा बैग बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, वादी ने मौके पर ही बरामद सामान की पहचान की।बड़ी मात्रा में आभूषण और हथियार बरामदपुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस और एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
विज्ञापन
इसके अलावा, लूट के करीब 12.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹29.37 लाख बताई गई है। साथ ही बड़ी संख्या में पीली धातु के आभूषण भी बरामद हुए हैं।बरामद सामान में पायल, पाजेब, बिछिया, अंगूठियां, कंगन, चेन, नथ और नोज पिन समेत विभिन्न प्रकार के आभूषण शामिल हैं।
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमेपुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंकज साह के खिलाफ सोनभद्र के अलावा मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में भी लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।






