प्रभारी मंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में किया वृक्षारोपण
प्रभारी मंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में किया वृक्षारोपण
8:42 AM, Jun 14, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम
चुर्क (सोनभद्र)। जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने रविवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत सहिजन कला स्थित चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर एवं कचरे की सफाई कर जनपदवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मूल मंत्र के साथ सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है।उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। देश आज दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरा है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश खाद्यान्न, रक्षा, चिकित्सा एवं आयुध निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति भी पहले से अधिक सुदृढ़ हुई है।इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने चंद्रिका माता मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग समेत सभी विभागों से निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण करने तथा जनसामान्य को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, सभासद राकेश भारती, राजनारायण तिवारी, अशोक तिवारी, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मुकेश सिंह पटेल, विनय सिंह, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






