अध्यापक के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवर और सामान उड़ाए
अध्यापक के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवर और सामान उड़ाए
7:41 PM, Jul 4, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल (सोनभद्र): स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कनेटी गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।जानकारी के अनुसार, कनेटी गांव निवासी राधेश्याम त्रिपाठी चोपन इंटर कॉलेज में अध्यापक हैं। गांव स्थित उनके पैतृक मकान में उनके छोटे भाई ओमप्रकाश त्रिपाठी रहते हैं। बताया गया कि ओमप्रकाश त्रिपाठी पिछले कुछ दिनों से अपने बेटे के पास पुरी (ओडिशा) गए हुए थे, जिसके कारण घर पिछले तीन-चार दिनों से बंद था।घर खाली होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद बक्से और आलमारी के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने की अंगूठी, पायल, मीना सहित अन्य जेवरात तथा नगदी चोरी कर ली।घटना की जानकारी शुक्रवार शाम उस समय हुई, जब परिवार के लोग चोपन से कनेटी स्थित घर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोर कीमती सामान अपने साथ ले गए, जबकि अन्य वस्तुओं को घर में ही इधर-उधर फेंक दिया।इस संबंध में अध्यापक राधेश्याम त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें






