अनियंत्रित पिकअप ने बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो की मौत, महिला व मासूम सहित चार घायल
अनियंत्रित पिकअप ने बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो की मौत, महिला व मासूम सहित
6:55 AM, May 27, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र-चंदौली बॉर्डर के पास हादसा, भारी पुलिस बल पहुंचा मौके पर, सांसद छोटेलाल खरवार ने लिया घटनास्थल का जायजाचंदौली। मधुपुर-नौगढ़ रोड पर सोनभद्र-चंदौली बॉर्डर के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी मासूम पुत्री सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दोनों जनपदों की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधुपुर की जरलहवा बस्ती के समीप नौगढ़ रोड पर लोहरा, थाना कोतवाली रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र निवासी विजय अपनी पत्नी ममता (25) और चार वर्षीय पुत्री मिठ्ठी के साथ बाइक से जा रहे थे। बताया गया कि विजय बाइक खड़ी कर पास की गुमटी पर पानी लेने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पास खड़ी ममता और उनकी पुत्री घायल हो गईं।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को मधुपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित पिकअप आगे जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भी भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार नौगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी नग्गू राम (60) पुत्र चेखरी और रामलखन (60) पुत्र स्वर्गीय बसन्तू ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।वहीं ट्रॉली में सवार विजय और मटरू को मामूली चोटें आईं। बताया गया कि सभी लोग मधुपुर की झपरी बस्ती से खपरैल लेकर अपने गांव डुमरिया लौट रहे थे। ट्रॉली पर खपरैल लादकर सभी लोग वापस जा रहे थे कि मधुपुर सीमा पार करते ही हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही सोनभद्र और चंदौली जनपद की पुलिस मौके पर पहुंची। नौगढ़ पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के सांसद छोटेलाल खरवार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा मीडिया से कहा कि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जल्द ही उक्त स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की दिशा में कार्रवाई कराई जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है।
यह भी पढ़ें






