मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
2:19 PM, Jul 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

कोन (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा स्थित टोला नरोईयादामर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार, अनुज गिरी (30) पुत्र श्यामलाल गिरी शनिवार रात करीब नौ बजे अपने घर में मोबाइल का चार्जर बिजली बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।बताया जाता है कि अनुज गिरी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके असामयिक निधन से पत्नी सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आ गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें






