पत्रकारों की समस्याओं को लेकर सांसद के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपा गया 7 सूत्रीय ज्ञापन।
रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र।
sonbhadra
9:04 AM, Jan 1, 2026
Share:
Edited by: Ashish Gupta

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र।
ग्रामीण पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं और उनके समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने रॉबर्ट्सगंज–सोनभद्र लोकसभा क्षेत्र (80) के सांसद छोटे लाल खरवार के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सदर तहसील अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में सौंपा गया।

विज्ञापन
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि संगठन प्रदेश का एक बड़ा और पंजीकृत पत्रकार संगठन है, जिसका पंजीकरण संख्या 1153/86 है। संगठन से जुड़े पत्रकार ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, बावजूद इसके उन्हें आज भी कई बुनियादी सरकारी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों के जीवन स्तर में सुधार और उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें

विज्ञापन
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पत्र संख्या 1484/सू.एवं ज.स.वि.(प्रेस)-36/2004 दिनांक 19-06-2008 में संशोधन कर तहसील स्तर पर सभी दैनिक समाचार पत्रों के संवाददाताओं को मान्यता प्रदान की जाए। साथ ही पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला स्तर पर गठित स्थायी समिति की नियमित बैठकें सुनिश्चित की जाएं। एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि मंडल मुख्यालय पर मंडलायुक्त तथा तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थायी समिति गठित की जाए, जिसमें ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया जाए। ग्रामीण पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत कार्ड प्रदान किए जाएं और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाए। इसके अलावा प्रदेश स्तर पर गठित पत्रकार मान्यता समिति एवं विज्ञापन मान्यता समिति में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को सदस्य बनाए जाने, लखनऊ स्थित दारुलशफा में संगठन के कार्यालय हेतु निःशुल्क भवन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के अध्ययन और समाधान के लिए ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की भी मांग की गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पत्रकारिता दायित्व के निर्वहन के दौरान उत्पन्न होने वाले विवादों में किसी भी पत्रकार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी द्वारा जांच कराए जाने का स्पष्ट आदेश जारी किया जाए। इस अवसर पर सांसद छोटे लाल खरवार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए वे शासन-प्रशासन तथा प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत रूप से बात करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में सदन में भी प्रस्ताव रखा जाएगा। सांसद ने टोल प्लाजा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में स्थित टोल प्लाजा को हटाया जाना चाहिए तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निर्देशों का पूर्ण पालन टोल प्लाजा पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साथ ही पत्रकारों के लिए बैठक एवं कार्यक्रम आयोजित करने हेतु एक स्थायी सभागार की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस दौरान ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र के साथ रामकेश यादव, सेराज अहमद, अर्पित दुबे, मुस्तकीम खान, बद्री प्रसाद गौतम, राघवेंद्र कुमार, अवधेश गुप्ता, परमेश्वर कुमार, बृजेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र






