रेणुकूट में महाशिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात, हजारों भगवा ध्वजों से सजा नगर
Renukoot - U. Gupta / Sonprabhat News
4:53 PM, Feb 16, 2026
Share:
Edited by: Ashish Gupta

Renukoot - U. Gupta / Sonprabhat News
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को रेणुकूट नगर में पूर्वांचल श्रीराम सेना एवं शिवभक्तों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। खाड़पाथर से प्रारंभ हुई यह शिव बारात रेणुकूट मुख्य बाजार से होते हुए पिपरी चौराहे तक पहुंची, जहां शिव विवाह एवं भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

विज्ञापन
बारात में शामिल श्रद्धालु बैंड-बाजे एवं डीजे की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ते नजर आए। मुर्धवा मोड़ पर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। शिव बारात में सबसे आगे आतिशबाजी करते श्रद्धालु चल रहे थे, जिनके पीछे भगवान शंकर का आकर्षक रथ एवं शिव की तीन मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। एक खुले ट्रेलर पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव की सजीव झांकी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

भूत-प्रेत एवं पिशाच की वेशभूषा धारण किए कलाकारों के पारंपरिक नृत्य ने बारात की भव्यता को और भी बढ़ा दिया। पूरे मार्ग में अबीर-गुलाल एवं पुष्पवर्षा के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
आयोजन को लेकर नगर में तीन दिन पूर्व से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। रेणुकूट से पिपरी तक मुख्य मार्गों को हजारों भगवा झंडों से सजाया गया था। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा बारातियों के लिए नाश्ता एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। नगर के मुख्य मार्गों एवं भवनों की छतों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।

विज्ञापन
दोपहर लगभग 3 बजे खाड़पाथर से प्रारंभ हुई यह शिव बारात देर शाम पिपरी चौराहे पर पहुंची। प्रशासन द्वारा सुबह से ही रेलवे स्टेशन से खाड़पाथर मोड़ तक मार्ग पर पानी का छिड़काव कराया गया था, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव एवं संजय सिंह पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग में तैनात रहे। शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जो पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।






