खड़ी ट्रक में बाइक की जोरदार टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
खड़ी ट्रक में बाइक की जोरदार टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
7:54 AM, May 9, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar Agrahari

डाला बस स्टैंड के पास देर रात हुआ हादसा, उपचार जारी
सोनभद्र जिले के डाला चौकी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे थाना चोपन के डाला पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत शहीद स्थल स्थित बस स्टैंड के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेलगुड़वा की तरफ से तेज गति में आ रही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल युवक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के गजराज नगर निवासी विनोद कुमार (25 वर्ष) पुत्र रामजनक के रूप में हुई है। बताया गया कि विनोद बाइक से तेलगुड़वा डाला चढ़ाई की ओर से अपने घर गजराज नगर, ओबरा लौट रहा था। इसी दौरान डाला बस स्टैंड के समीप यह हादसा हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायल युवक की मदद की और पुलिस के सहयोग से उसे डाला बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही घायल युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें






