दुद्धी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग, सांसद बीडी राम से मिला प्रतिनिधिमंडल
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय यात्रियों की समस्याओं को उठाते हुए ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
dudhi
1:29 PM, May 9, 2026
Share:
Edited By: Sonprabhat News Desk , Reported By: Jitendra Chandravanshi

Sonprabhat News
दुद्धी। दुद्धी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर दुद्धी नगर पंचायत एवं बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल विष्णु दयाल राम उर्फ बीडी राम से उनके डाल्टनगंज स्थित आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय यात्रियों की समस्याओं को उठाते हुए ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दुद्धी आदिवासी एवं औद्योगिक बाहुल्य क्षेत्र होने के साथ-साथ सर्वाधिक राजस्व देने वाला क्षेत्र है। चार राज्यों से घिरे इस नगर से प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन दिल्ली, लखनऊ, भोपाल, मुंबई और अहमदाबाद जैसे महानगरों के लिए होता है। सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों सहित आम यात्रियों को ट्रेनों के ठहराव नहीं होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिन ट्रेनों के ठहराव की मांग की उनमें रांची-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453/12454), स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (12873/12874), हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस (13025/13026), त्रिवेणी एक्सप्रेस (14369/14370), धनबाद-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस (13379/13380), कोलकाता-मदार वाया अजमेर एक्सप्रेस (19607/19608) तथा कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19413/19414) सहित अन्य प्रस्तावित ट्रेनें शामिल हैं।
विज्ञापन

यह भी पढ़ें
इस दौरान कमलेश मोहन, दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय एडवोकेट, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, दिनेश कुमार गुप्ता एडवोकेट (सचिव), भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ मंडल दुद्धी संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, प्रदीप सिंह एडवोकेट एवं राजीव रंजन एडवोकेट सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
सांसद बीडी राम ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को जनहित से जुड़ा बताते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की तथा मामले को रेल मंत्रालय के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।






