दुद्धी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के 3 चिकित्सकों सहित जनपद के 15 चिकित्सकों का स्थानांतरण हुआ।
रिक्त स्थानों पर जल्द ही नये चिकित्सकों की तैनाती होगी।
दुद्धी
10:37 AM, Jul 24, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: जितेंद्र चंद्रवंशी

दुद्धी, सोनभद्र जनपद सोनभद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी के तीन चिकित्सकों सहित कुल 15 चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रिक्त हुए पदों पर शीघ्र ही नए चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंत्री के निरीक्षण के बाद तेज हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश सरकार के लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के प्रथम दुद्धी आगमन के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं मरीजों ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराई थीं।
शिकायतों में मरीजों को बाहरी दवाएं और जांच लिखे जाने, निजी प्रैक्टिस, आयुष विभाग के लंबे समय से निष्क्रिय रहने, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की कमी तथा मरीजों के बेड पर चादरों की अनुपलब्धता जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए थे। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए थे।
विज्ञापन
इन चिकित्सकों का हुआ स्थानांतरण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र द्वारा 23 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में निम्नलिखित स्थानांतरण किए गए—
- डॉ. विनोद कुमार सिंह का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ( प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटौली) से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कूड़ारी, चोपन स्थानांतरण।
- आयुष चिकित्सक डॉ. मिथिलेश कुमार का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोरिया स्थानांतरण।
- डॉ. ऐमीन अंसारी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटौली स्थानांतरण।
इनके अतिरिक्त जनपद के अन्य चिकित्सकों सहित कुल 15 डॉक्टरों के स्थानांतरण किए गए हैं।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
जल्द मिलेगी नई तैनाती
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार जिन चिकित्सकों के स्थानांतरण किए गए हैं, उनके स्थान पर शीघ्र ही नए चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों और क्षेत्रीय मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सके।
शासन के निर्देशों के क्रम में हुई कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह स्थानांतरण शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों के क्रम में किया गया है। आदेश में उत्तर प्रदेश शासन एवं संबंधित पत्रांकों के अनुपालन का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की मंशा व्यक्त की गई है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को दुद्धी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल माना जा रहा है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रिक्त पदों पर नए चिकित्सकों की तैनाती कितनी शीघ्र होती है और अस्पताल की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार कब तक दिखाई देता है।

उक्त स्थानांतरण के आशय की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोनभद्र के पत्रांक संख्या मुo चिo अo / लोक सभा प्रo/2026-2027 उतर प्रदेश लखनऊ के पत्रांक 10 फ/पीoएचoसीo /कैंप 2026 दिनांक 22 / 7 / 2026 आदि के परिपेक्ष के सन्दर्भ के निर्देशों पर किया गया है।






