बावली में डूबने से आठ वर्षीय बालिका की मौत, नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हादसा
सोनभद्र: बावली में डूबने से आठ वर्षीय बालिका की मौत, नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हादसा
8:15 PM, May 21, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बालिका की बावली में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार धनखोर गांव निवासी विनय कुमार की आठ वर्षीय पुत्री शौर्या गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी जुड़वा बहन श्रुति, भाई अंकित और गांव के कुछ बच्चों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित बावली में नहाने के लिए गई थी।बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान शौर्या अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। साथ मौजूद बच्चों ने उसे डूबता देख घबराकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद बालिका को बावली से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलने पर लीलासी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।बालिका की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें






