तेज रफ्तार का कहर: बाइक की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश कई फीट दूर जा गिरा और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सोनभद्र
5:15 PM, Apr 4, 2026
Share:
Edited by: Admin
, Reported By: नरेश गुप्ता

सोनभद्र (बभनी):
जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही का खामियाजा एक 18 वर्षीय युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरनखांड़ निवासी प्रकाश कुमार (18 वर्ष), जो बभनी बाजार में अपनी छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का सहारा था, रोज की तरह काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह अम्बिकापुर मार्ग स्थित दरनखांड़ पेट्रोल पंप के समीप पहुँचा, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश कई फीट दूर जा गिरा और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
इलाज के दौरान टूटी जिंदगी की डोर
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बभनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे म्योरपुर CHC लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात प्रकाश ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रकाश की असमय मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने परिवार का सहारा था, और उसकी मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए CHC दुद्धी भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि टक्कर मारने वाले बाइक सवार की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।






