60 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
चुर्क/सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ अभियान के तहत पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
5:42 PM, Sep 2, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

DCM में छिपाकर बिहार-झारखंड ले जाई जा रही थी 4,077 लीटर शराब, 464 पेटियों में मिलीं 13,296 शीशियां
चुर्क/सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ अभियान के तहत पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक DCM आइशर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक DCM से 464 पेटियों में 13,296 शीशी/बोतल, कुल 4,077.36 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये, जबकि तस्करी में प्रयुक्त DCM ट्रक की कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह शराब और वाहन समेत कुल बरामदगी की कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
विज्ञापन
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाईअपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पिपरी राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग, मुर्धवा चर्च के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक DCM ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लादकर मुर्धवा तिराहा होते हुए बिहार और झारखंड की ओर ले जाई जा रही है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुर्धवा तिराहा से रनटोला की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मुर्धवा की ओर से एक DCM आइशर ट्रक आता दिखाई दिया।
पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन आगे बढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 200 मीटर आगे ट्रक को रोक लिया।पंजाब में बिक्री के लिए थी शराब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी मिलीं। बरामद बोतलों पर “FOR SALE PUNJAB ONLY” अंकित था। चालक शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
गिरफ्तार चालक की पहचान करन सिंह पुत्र सुरेश कुमार (28 वर्ष) निवासी देव नगर, थाना भिवानी, जनपद भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका स्थायी पता ग्राम बवानी खेड़ा, थाना बवानी खेड़ा, हरियाणा है।आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक चालक का काम करता है। उसके अनुसार हरियाणा में एक व्यक्ति ने उसे DCM लेकर जाने के लिए कहा था। शुरुआत में उसे बताया गया था कि वाहन में जलजीरा कोल्ड ड्रिंक लदी है। बाद में उसे जानकारी दी गई कि ट्रक में अंग्रेजी शराब है और इसे बिहार पहुंचाना है।आरोपी के मुताबिक उसे एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन दिया गया था, जिसमें ‘सेठ जी’ के नाम से एक नंबर सेव था। रास्ते में व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से उसे लोकेशन दी जा रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पैसों के लालच में शराब तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
विज्ञापन
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्जमामले में थाना पिपरी पर मु.अ.सं. 165/2026 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल रामाश्रय यादव, हेड कांस्टेबल शेष नाथ पाण्डेय, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, हेड कांस्टेबल मोहन खरवार, हेड कांस्टेबल राजेश पासवान और कांस्टेबल अभिषेक आर्या शामिल रहे।






