आम बीनने गई दो मौसेरी बहनों पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत से गांव में मातम
आम बीनने गई दो मौसेरी बहनों पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत से गांव में मातम
9:53 PM, Jun 2, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगवां नंदलाल ग्राम पंचायत में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम मौसेरी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच करीब साढ़े तीन बजे नौगवां नंदलाल गांव निवासी अंशिका उर्फ पूजा (13 वर्ष) पुत्री रमाशंकर तथा उसकी मौसेरी बहन आंचल (10 वर्ष) पुत्री विनोद कुमार निवासी बसदेवा करकी घर से लगभग 100 मीटर दूर आम बीनने के लिए निकली थीं।बताया जाता है कि दोनों बच्चियां खेत के पास आम बीन रही थीं। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने दोनों को खेत में एक पेड़ के समीप गंभीर अवस्था में पड़ा देखा। (सोन प्रभात लाइव)सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मौसम के बदले मिजाज के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें






