मारकुंडी घाटी टैंकर हादसा, इलाज के दौरान चालक की मौत
मारकुंडी घाटी टैंकर हादसे मे इलाज के दौरान चालक की मौत। देर शाम की घटना घायल चालक को इलाज के लिए लाया गया जिला अस्पताल
12:54 PM, Apr 12, 2026
Share:
Edited by: Shaktipal
, Reported By: अनिल कुमार अग्रहरि

जिला अस्पताल में घायलावस्था में पड़ा युवक
.
सोनभद्र:चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत खतरनाक मानी जाने वाली मारकुंडी घाटी में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अलकतरा (डामर) से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान सुमन सिंह पुत्र शंकर सिंह निवासी गिरिडीह (झारखंड) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चालक बेगूसराय से टैंकर में अलकतरा लादकर ओबरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मारकुंडी घाटी के तीखे मोड़ों और ढलान वाले हिस्से में पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा और टैंकर सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी अतुल कुमार पटेल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल लोढ़ी भेजा गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दे कि हादसे के बाद टैंकर से अलकतरा बहने लगा, जिससे घाटी क्षेत्र में सड़क पर फिसलन और प्रदूषण का खतरा बढ़ गया। विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार का रिसाव न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि अन्य वाहनों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीखे मोड़ और ढलान के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। मारकुंडी घाटी पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र मानी जाती है। यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने घाटी में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और संवेदनशील मार्गों पर यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
यह भी पढ़ें






