झोपड़ी में शरारती तत्वों ने लगाई आग ,दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ब्यूरों चीफ सोनभद्र)
duddhi
6:54 AM, Mar 31, 2026
Share:
Edited by: Ashish Gupta

(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ब्यूरों चीफ सोनभद्र)
दुद्धी विकास खंड क्षेत्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली - पोलवा गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब शरारती तत्वों ने पुराने आम के बगीचे में स्थित एक झोपड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और झोपड़ी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान तथा कुछ नकदी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की तेज लपटों ने पास खड़े हरे-भरे आम के पुराने पेड़ को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे पेड़ बुरी तरह से जल कर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज पछुआ हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि, आम के पेड़ में लगी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी, जिसके चलते देर शाम तक पेड़ की शाखाएं टूट-टूटकर गिरती रहीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। पीड़ित पक्ष के पितरम सिंह, देवनाथ सिंह, बद्री प्रसाद गोड़ और जय प्रकाश ने बताया कि उनके पुश्तैनी बगीचे में कुछ लोगों ने द्वेषपूर्ण भावना से आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। इस आगजनी में न केवल पुराना आम का पेड़ बल्कि लगाए गए नए पौधे भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पीड़ितों ने गांव के ही तीन लोगों को नामजद करते हुए विंढमगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें






