प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, आवासीय व्यवस्था और खेल मैदान का किया गया निरीक्षण
प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, आवासीय व्यवस्था और खेल मैदान का किया गया निरीक्षण
8:42 PM, Aug 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सोमवार को रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित संत जेवियर्स स्कूल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) जयराम सिंह ने की। बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन, खिलाड़ियों के ठहरने, खेल मैदान की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।मंडलीय सचिव राजवन ने बताया कि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आवासीय व्यवस्था विभिन्न विद्यालयों में की जाएगी।
इसके तहत इंटर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज तथा एमबीएम उच्च माध्यमिक विद्यालय में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में तीन सदस्यीय टीम आवासीय व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगी। साथ ही विद्यालयों को क्रीड़ा फंड से संबंधित आवश्यक सामग्री जुटाने के निर्देश दिए गए।
डीआईओएस जयराम सिंह ने आवासीय व्यवस्था के लिए चयनित विद्यालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी करने की बात कही। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने खेल मैदान का निरीक्षण भी किया। निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता का एक दिवसीय आयोजन संत जेवियर्स उच्च माध्यमिक विद्यालय में तथा शेष दो दिवसीय प्रतियोगिताएं विशिष्ट स्टेडियम तियरा में संपन्न कराई जाएंगी।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
डीआईओएस ने जनपदीय क्रीड़ा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और खेल शिक्षकों से प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में पूर्ण सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मंडलों और जनपदों से खिलाड़ी, व्यायाम शिक्षक एवं अधिकारी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। ऐसे में सभी प्रधानाचार्यों को समर्पित भाव से कार्यक्रम की सफलता के लिए सहयोग करना होगा।
बैठक में प्रधानाचार्य फादर आनंद कुमार जान, प्रधानाचार्य निशा सिंह, प्रधानाचार्य संतोष मौर्य, प्रधानाचार्य उमाकांत शुक्ल, जनपदीय तीरंदाजी संघ के सचिव बलराम कृष्ण यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम खान, तीरंदाजी कोच विश्वास शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र यादव, जिला क्रीड़ा सचिव सुनील राव सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल अध्यापक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






