प्रसूता की मौत मामले में फरार दो आरोपियों पर ₹35 हजार का इनाम घोषित
प्रसूता की मौत मामले में फरार दो आरोपियों पर ₹35 हजार का इनाम घोषित
9:48 PM, May 31, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। जनपद में चिकित्सा सेवाओं के नाम पर आमजन के जीवन एवं स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कोन में दर्ज मु0अ0सं0-104/2026, धारा 105, 318(4) बीएनएस एवं राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम की धारा 34 के तहत पंजीकृत मामले में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों पर पुरस्कार घोषित किया गया है।पुलिस के अनुसार एक प्रसूता महिला को उपचार एवं ऑपरेशन के नाम पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि उपचार के दौरान अनुचित एवं लापरवाहीपूर्ण चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके परिणामस्वरूप महिला की मृत्यु हो गई। मामले की विवेचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त नसीम अहमद पुत्र सरफुद्दीन निवासी खरौधी, थाना कोन पर ₹25,000 तथा सलमा पत्नी आसिफ मोहम्मद निवासी देवाटन, थाना कोन पर ₹10,000 का पुरस्कार घोषित किया है।पुलिस अभिलेखों के अनुसार नसीम अहमद के विरुद्ध थाना कोन में मु0अ0सं0-246/2025 धारा 105, 351(2) एवं 61(2) बीएनएस के तहत भी मामला दर्ज है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उक्त वांछित अभियुक्तों के संबंध में कोई सूचना प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें






